शहर कोतवाली क्षेत्र के सहादतपुरा स्वदेशी काटन मिल के सामने बुधवार को दिन दहाड़े उचक्कों ने एक बाइक की डिक्की से पचास हजार रुपये उड़ा दिए। डिक्की खुली होने के कारण बाइक मालिक को इसकी जानकारी हुई। उसने तत्काल 100 नंबर डायल कर कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।
जिसके बाद सीओ सिटी अशोक कुमार यादव घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित से पूछताछ के साथ ही आसपास चेकिंग अभियान चलाया।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी घृतेश कुमार सिंह ने बुधवार को नगर क्षेत्र के गाजीपुर तिराहा स्थित यूनियन बैंक से 50 हजार रुपया निकाला। इसके बाद उन्होंने गाजीपुर तिराहा स्थित बैंक आफ बड़ौदा में आठ हजार रुपए जमा किए।
यहां से निकलने के बाद उन्होंने यूबीआई से निकाले पचास हजार रुपये बाइक की डिक्की में रख दिए। और नगर क्षेत्र के स्वदेशी काटन मिल के सामने एक कापी-किताब की दूकान पर पहुंचे।
वे अपनी बाइक को खड़ी कर दूकान से पेन की रिफील लेने गए। रिफील नहीं मिली तो वह अपनी बाइक के पास पहुंचे तो देखा कि उनके बाइक की डिक्की खुली हुई है। यह देख उनके होश उड़ गए।
डिक्की में रखे पचास हजार रुपये गायब थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना 100 नंबर पर कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद सीओ सिटी अशोक कुमार यादव मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घृृतेश कुमार सिंह से पूरे घटना के बारे में जानकारी ली। साथ ही पुलिस कर्मचारियों को उचक्कों को पकड़ने के लिए निर्देशित किया। घटना के संबध में घृतेश कुमार सिंह की तहरीर पर शहर कोतवाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।