मऊ। जिले में पहले के सापेक्ष 49 हजार और किसानों को अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा। डाटा संबंधी गड़बड़ियों के चलते किसान लाभ से वंचित थे। कृषि विभाग की तरफ से विशेष अभियान चलाकर इन खामियों को दुरुस्त करा लिया है। विभाग ने 3.10 लाख किसानों का डाटा लाक किया है।
केंद्र सरकार की तरफ से किसानों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। योजना के तहत प्रतिवर्ष किसानों के बैंक खाते में प्रतिवर्ष छह हजार रुपया भेजा जाता है। किसान पोर्टल पर पंजीकरण कराने वाले लगभग 49 हजार किसान ऐसे भी थे, जिनके आधार या बैंक खातों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं। साथ ही अन्य तकनीकी गड़बड़ी से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
शासन की तरफ से किसानों की समस्याओं का निस्तारण कराने का फरमान जारी किया गया था। शासन के निर्देश पर विभाग की तरफ से कैंप चलाकर किसानों को जागरूक किया गया। किसानों ने कृषि विभाग तथा जनसेवा केंद्रों के माध्यम से आधार कार्ड, बैंक खातों में त्रुटियां सहित अन्य कमियों को दुरुस्त कराया। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3.10 लाख किसानों का डाटा लाक किया है।
विभागीय अधिकारियों की मानें तो अप्रैल में आने वाले किस्त के बाद भी पता चल सकेगा कि कितने किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि का पैसा ट्रांसफर किया गया। इस बाबत जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार का कहना है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3.10 लाख किसानों का डाटा लॉक कर दिया गया है।