पहले ही दिन 46 शिकायतें निस्तारित
जिलाधिकारी निखिल चंद शुक्ला का श्रावस्ती माडल जिले में लागू हो गया है। शनिवार को उसका पहला दिन रहा। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 22 टीमों ने गांवों का रुख किया। पहला दिन सार्थक एवं उत्साहजनक परिणाम वाला रहा। पहले दिन 46 मामलें निस्तारित किए गए। हालांकि बरसात हो रही थी, इस दौरान डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे। दिन भर हुई बरसात के बाद भी टीम के सदस्य मौके पर जमे रहे। साथ ही अधिकारी चिह्नित गांवों में पहुंचकर टीम के द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।
जनपद में भूमि विवादों का त्वरित निस्तारण करने के लिए जिलधिकारी द्वारा श्रावस्ती माडल लागू किया गया है। जनपद के 11 थानों में 22 टीमें बनाकर चिन्हित ग्रामों का मौके पर जाकर इस टीम के द्वारा भूमि विवाद का निस्तारण किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार प्रात: 10 बजे टीमें भूमि विवाद का निस्तारण करने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंची। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीना के साथ द्वारा प्रात: 11 बजे इंदारा ग्राम पहुंचे।
उन्होंने टीम द्वारा किये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। आला अफसरों ने जनता से अपील की कि भूमि से संबंधित विवाद को इस टीम के द्वारा निस्तारित कराएं।
उधर अपर जिलाधिकारी शिवकुमार शर्मा, उपजिलाधिकारी सदर सुरेश चंद मिश्रा, चकबंदी अधिकारी ने अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर भूमि विवाद का निस्तारण कराया। इस अवसर पर तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार, लेखपाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।