वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के सैकड़ों उपभोक्ताओं के खाते में गैस सब्सिडी की धनराशि नहीं पहुंच रही है। इसके लिए बैंक और संबंधित गैस एजेंसी जिम्मेदार है। उपभोक्ता इसकी शिकायत भी किए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इसे लेकर गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसका खामियाजा संबंधित उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
रसोई गैस की कालबाजारी रोकने के लिए उपभोक्ताओं के खाते में सब्सिडी की राशि भेजे जाने की योजना का समुचित लाभ तहसील के रसोई गैस उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है। इसमें संबंधित बैंक व गैस एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। तहसील क्षेत्र में हजारो की संख्या में रसोई गैस उपभोक्ता हैं। इसमें उज्ज्वला योजना के तहत भी कई हजार उपभोक्ताओं को गैस कनेक्शन दिया गया है। इसके अतिरिक्त आम उपभोक्ता भी हैं। इसके अलावा लगभग हजारों उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनके खाते में सही रूप से सब्सिडी की राशि नहीं पहुंच रही। सब्सिडी को लेकर सबसे अधिक समस्या सामान्य उपभोक्ताओं को हो रही है। शिकायत जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई गई। बंदीकला गांव निवासी रामचंद्र ने कहा कि लगभग दो वर्ष से वह रसोई गैस उपभोक्ता हैं। उसका खाता गैस एजेंसी से लिंक है। सब्सिडी की राशि कभी उनके खाते में आती है, तो कभी नहीं आती। इसकी कई बार शिकायत भी जिम्मेदार अधिकारियों से की गई, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। सैदपुर निवासी गुड्डू ने कहा कि बीते छह माह से उनके खाते में सब्सिडी की राशि नहीं आ रही। इसकी शिकायत संबंधित गैस एजेंसी में दर्ज भी कराया, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका।