घोसी। सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी के छात्रसंघ चुनाव की घोषणा सोमवार को प्राचार्य डॉ. करुणा निधान उपाध्याय द्वारा घोषित कर दिया गया। जारी अधिसूचना के तहत अध्यक्ष सहित चार पदों के लिए तीन दिसंबर को नामांकन किया जाएगा।
नगर के सर्वोदय पीजी कॉलेज में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना सार्वजनिक रूप से जारी कर दी गई। जिसमें छात्रसंघ के चार पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री के साथ संयुक्त मंत्री के लिए प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन कर सकेंगे। वहीं 4 दिसंबर को 2 बजे तक नाम वापसी होगी। जबकि 10 दिसंबर को सुबह 9 बजे से 2 बजे तक मतदान आयोजित किया जाएगा। जहां चुनाव संपन्न होने के बाद मतगणना दोपहर 2.15 बजे से की जाएगी। कॉलेज के प्राचार्य डा. केएन उपाध्याय ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया लिंगदोह कमेटी के निर्देशानुसार होगा। कोई भी प्रत्याशी कहीं भी बैनर, पोस्टर आदि का प्रयोग नहीं करेगा। नामांकन के दिन प्रत्याशी के साथ उसका एक प्रस्तावक व एक समर्थक साथ नामांकन कक्ष में जा सकेगा।
आचार संहिता के उल्लंघन पर निरस्त होगा नामाकंन
घोसी। प्राचार्य ने बताया कि प्रत्याशियों द्वारा संस्था के भवन या उसकी बांउड्रीवॉल सहित कॉलेज प्रागंण के आस पास की किसी भी दुकानों पर चुनाव से संबंधित पोस्टर चस्पा नहीं करना है। ऐसा पाये जाने पर आचारसंहिता का उल्लंघन माना जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी को अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। साथ ही बताया कि कोई भी प्रत्याशी, समर्थक छात्राओं के कामनरूम में प्रवेश कर प्रचार कार्य नहीं करेगा। कहा कि मतदान के दिन छात्र अनिवार्य रूप से परिचय पत्र लेकर आने पर मतदान कर सकेंगे।