मऊ। जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में बीते 24 घंटे में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। विजयादशमी को दो और शनिवार को दोपहर बाद ट्रक के धक्के से बाइक सवार अधेड़ की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियांव गांव के पास सड़क निर्माणाधीन होने के कारण रुट डायवर्जन किया गया है। इस दौरान सड़क के किनारे मौजूद मिट्टी के ढुहे से शुक्रवार की रात बाइक टकराने से, सवार युवकों में से एक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के समय युवक कोपागंज बाजार से मेला देखकर वापस घर लौट रहें थे।
रात में सूचना पर कोपागंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जिला अस्पताल भेजवाया जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान रतनलाल मौर्य (22) पुत्र स्व. जितेंद्र के रूप में हुई जब कि घायल डिंपल (20 )पुत्र राजेंद्र मौर्य है। डिंपल घोसी कोतवाली के कल्यानपुर गांव का निवासी है जबकि रतनलाल भी बचपन से ही कल्यानपुुर में अपने ननिहाल में रहता था। वलीदपुर संवाददाता के अनुसार मुहम्मदाबाद गोहना आजमगढ़ मार्ग स्थित वरहद पुर पेट्रोल पंप के निकट एक ऑटो रिक्शा की चपेट में आने से शुक्रवार की देर रात 55 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बनियापार गांव निवासी धर्मराज सिंह पुत्र दशरथ सिंह शुक्रवार की देर रात में अपने घर के कार्य से वरहदपुर से सामान लेकर पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ से मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ तेज गति से जा रहे एक टेंपो ने उन्हें टक्कर मारकर दिया। जिससे अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी लोगों ने उनके घर वालों को दी। परिजन उन्हें इलाज के लिए आजमगढ़ ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे मनीष सिंह ने टेंपो चालक के विरुद्ध पुलिस केे तहारीर दी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। चिरैयाकोट संवाददाता के अनुसार सुल्तानीपुर, रानीपुर मार्ग पर चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के डड़ारी गांव के निकट भैंसई नदी के पास शनिवार की दोपहर बाद लगभग दो बजे एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार अधेड़ को टककर मार दिया। जिससे बाइक सवार की मौत मौँके पर ही हो गई। जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी रमेश राय (55) पुत्र झिनकू किसी काम से बाइक से जा रहे थे। डड़ारी गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। इस घटना में राकेश की मौत मौके पर ही हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
घोसी संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के गौरीडीह गांव के पास शनिवार की शाम अनियंत्रित होकर बाइक शीशम के पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक चालक आलोक यादव 20 पुत्र बलजोर यादव और मनोज राज 18 पुत्र सुभाष गंभीररुप से घायल हुए। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजने की जबतक व्यवस्था की। घायलों में आलोक यादव की मौत हो गई। जबकि मनोज राम को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। मृत और घायल दोनों घोसी कोतवाली के पकड़ी खुर्द गांव के निवासी है। घटना के समय दोनों घोसी बाजार से घर वापस लौट रहें थे।