अब सड़क निर्माण तथा मरम्मत कार्य मेें तेजी आएगी। शासन ने जिले में लोक निर्माण विभाग को दो खंड में विभाजित कर दिया है। नई व्यवस्था से जिले के विकास में तेजी आएगी। इससे जनपदवासियों में खुशी का माहौल है।
जिले के 1713 वर्ग किलोमीटर फैले क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग में सिर्फ एक ही खंड था। इसके चलते विभाग में एक अधिशासी अभियंता की तैनाती है। इसके चलते विभागीय कार्यों के क्रियान्वयन में कठिनाई आ रही थी। अधिकारी के अवकाश पर होने अथवा अन्य समस्याएं होने पर कामकाज पर असर पड़ता था। जबकि जिले के आसपास के सभी जनपदों में एक से अधिक खंड हैं। इस समस्या के मद्देनजर कोपागंज ब्लॉक के शहरोज गांव निवासी तथा भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष राघवेंद्र राय शर्मा ने जनपद में लोक निर्माण विभाग का खंड बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र को घोसी लोकसभा के सांसद हरिनारायण राजभर द्वारा अग्रसारित कराया था।
संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश शासन ने प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष लोक निर्माण विभाग को मऊ लोक निर्माण विभाग में एक अतिरिक्त खंड सृजित कराने की संस्तुति की। इस संबंध में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राघवेंद्र राय शर्मा का कहना था कि लोक निर्माण विभाग में एक अतिरिक्त खंड सृजित होने से सड़क निर्माण तथा मरम्मत कार्य में तेजी आएगी। साथ ही जिले की विकास गति तेज होगी।
इस बाबत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसडी कन्नौजिया का कहना है कि मऊ लोक निर्माण विभाग में अतिरिक्त खंड सृजित करने का शासनादेश मिल गया है।