कांग्रेस पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के विरोध में मंगलवार को रतनपुरा ब्लाक के इटैली स्थित दयानंद इंटर कॉलेज में ब्लॉक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जनता के सामने भाजपा का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है।
मुख्य अतिथि कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश बहादूर सिंह ने भाजपा सरकार को पूंजीपतियों और भ्रष्टाचारियों की सरकार करार देते हुए केंद्र सरकार के विरुद्ध आवाज बुलंद किया। कहा कि जिले का विकास, जनपद के स्थापना के साथ ही शुरू हुआ और पूर्वांचल के हर क्षेत्र में प्रगति हुई। लेकिन समय परिवर्तन होते ही विकास ठप हो गया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एक तरफ किसानों के हित के लिए बड़े बड़े दावे करते है ओर दूसरी तरफ देश के किसानों का 50 हजार करोड़ कर्ज माफ नहीं करते है।
जिलाध्यक्ष अवनीश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा चार साल पूरा करने के बाद चुनाव के दौरान किए वादे के अनुसार एक भी वादे को पूरा करने में पूरी तरफ से विफल रही है। ब्लाक अध्यक्ष जयंत सिंह ने कहा कि कांग्रेस ब्लाक सम्मेलनों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी क्रिया कलापों को उजागर करने का प्रयास कर रही है।
सम्मेलन में सर्वेश सिंह , ओम नारायण शर्मा , सुशील कुमार चौधरी , प्रभुनाथ राजभर, वीरेंद्रकांत सिंह, नरेंद्र देव यादव ,प्रभुनाथ वर्मा, रामचंद्र सिंह, रामनाथ सिंह, कृष्णकांत सिंह, प्यारेलाल सहित सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।