आजमगढ़-शाहगंज रेल खंड पर मुहम्मदाबाद गोहना स्टेशन से 200 मीटर दूर अलाउद्दीन पट्टीगांव के पास गोदान एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक सांड़ की मौत हो गई। रेलकर्मियों ने पहुंच कर ट्रैक साफ किया तब जाकर 40 बाद ट्रेन गंतव्य को रवाना हो सकी।
गोरखपुर से मुंबई जाने वाली गोदान एक्सप्रेस मंगलवार को मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर दो घंटे विलंब से दोपहर 12.05 मिनट पर पहुंची। यहां 2 मिनट रुकने के बाद ट्रेन आजमगढ़ के लिए रवाना हुई। स्टेशन से 200 मीटर आगे जाने पर ट्रेन अलाउदीन पट्टीगांव के पास पहुंची थी कि तभी अचानक ट्रैक पर सांड़ आ गया और इंजन में फंस गया। तेज रफ्तार से जा रही ट्रेन को चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका। इससे यात्री हड़बड़ा गए और अफरातफरी मच गई। ट्रेन में साड़ फंसने की सूचना मिलने पर रेल पथ निरीक्षक अनिल कुमार यादव कर्मचारियों के साथ पहुंचे। टीम ने मलबा हटकारट्रैक साफ किया। तब जाकर 40 मिनट बाद ट्रेन आगे रवाना हुई। आजमगढ़ स्टेशन पर पहुंचने पर गार्ड और चालक ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। ट्रेन में यात्रा कर रहे प्रभात तिवारी ने बताया कि इमरजेंसी ब्रेक लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई थी।