घोसी। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र कार्यालय के प्रभारी राकेश त्रिवेदी के शनिवार को घोसी नगर स्थित पार्टी जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता के आवास पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश में उपचुनावों में पार्टी की हार पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि हम अपने मतदाताओं को बूथ तक नहीं ले जा पाए। केंद्र के साथ प्रदेश की भाजपा सरकार ने सबका साथ सबका विकास के लक्ष्य के साथ बहुत सी जनकल्याण करी योजनाए लागू किया। दावा किया कि प्रदेश में हाईवे का जाल बिछ रहा है। वाराणसी से गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग का फोर लेन में बदलने का कार्य बहुत तेजी से चल रहा है।यही हाल अन्य मार्गो का है। सभी सड़कों का चौड़ी करण नये सिरे से किया जा रहा है। दोहरीघाट इंदारा रेलमार्ग बड़ी लाइन बनने के संबंध में इस बारे रेलमंत्री को अवगत करा दिया गया है। दावा किया कि एक लाख नौकरियों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किए गए हैं। कहा कि हमारे कार्यकर्ता समर्पण की भावना से कार्य कर रहे हैं। उपचुनाव में हार की समीक्षा की जा रही है। कहा कि अधिकारी जनता के सेवक के रूप में कार्य करें। कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करें। मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष कृपा शंकर सिंह, कवल देवी गिरी, अंबिका यादव, मनोज यादव, प्रेमचंद्र वर्मा, रामप्यारे प्रजापति, नरेंद्र चौहान आदि ने माला पहनाकर स्वागत किया।