रतनपुरा। केंद्र सरकार की तरफ से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं में बरती जा रही अनियमितता की जांच करने के लिए केंद्रीय जांच टीम ने क्षेत्र के देवदह तथा समोगर गांव का स्थलीय सत्यापन किया।
केंद्र सरकार की तरफ से प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, खाद्यान्न वितरण सहित तमाम योजनाएं चलाई जा रही है। ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में योजनाओं में व्यापक पैमाने पर अनियमितता बरती गई है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों सहित मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री को पत्र भेजा था। नगवां सहित कई गांवों में तमाम गड़बड़ी का खुलासा भी हुआ था। ग्रामीणों की शिकायत पर केंद्रीय जांच टीम ने क्षेत्र के देवदह, समोगर गांव का स्थलीय सत्यापन किया। करीब डेढ़ घंटे तक टीम ने कागजातों की गहन जांच किया। इसके बाद गांवों का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए निर्माण कार्यों का सत्यापन किया। केंद्रीय टीम मखना, ठैंचा, चकरा, गड़वां की जांच करेगी।