घोसी। कोतवाली पुलिस ने बड़राव ब्लाक के अमिला ग्राम सभा के क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह पुत्र भिखारी सिंह तहरीर पर शुक्रवार को बनकरा बुजुर्ग निवासी सोनू यादव पुत्र दीपचंद्र के साथ दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि पूर्व प्रमुख विद्युत प्रकाश यादव के पक्ष में न रहने को लेकर उनके भतीजे ने जान से मारने की धमकी दी है। घटना 11 अक्टूबर की साढ़े आठ बजे शाम की है। दर्ज मुकदमे के अनुसार 11 अक्टूबर की शाम साढ़े आठ बजे सुरेंद्र सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य निवासी अमिला, घोसी नगर के पकड़ी मोड़ के पास स्थित कालिका होटल पर खाना खा रहे थे। उसी समय सोनू यादव पुत्र दीमचंद्र निवासी बनकारा बुजुर्ग अपने साथ दो अज्ञात को लेकर आये। उनके साथ के दोनों ने अपने को पूर्व प्रमुख विद्युत प्रकाश यादव का भतीजा बताते हुए बीडीसी सदस्य प्रवीण यादव की खोजबीन की। साथ ही उन्हें गाली गुप्ता देने लगे। कहा कि तुम भी हमारे साथ प्रचार करो। जब सुरेंद्र सिंह ने ऐसा करने से मना कर दिया तो वे सभी गाली गुप्ता देने के साथ धमकी देते हुए चले गए। कोतवाली पुलिस ने मुक़दमा दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दिया है। बता दें कि गुरुवार को एक क्षेत्र पंचायत सदस्य ने क्षेत्र पंचायतों पर दबाव बनाने और उन्हें जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था।