मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव में 18 फरवरी को पूर्व प्रधान विजय शंकर राय की हुई हत्या के मामले में नामजद दंपती ने 44 दिन बाद गुरुवार को सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी मनोज राय पुत्र स्व.राजेंद्र राय और ममता राय पत्नी मनोज राय कोपागंज थाना क्षेत्र के कसारा गांव के रहने वाले हैं। पूर्व प्रधान हत्याकांड में पूर्व प्रधान मनोज राय , उनकी पत्नी ममता राय, बेटे अंकित राय उर्फ लकी प्रभात राय उर्फ बंटी राय तथा दो अज्ञात हत्यारोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज है। अंकित को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है जबकि गिरफ्तारी में देरी होती देख पुलिस ने धारा 82 की कार्रवाई की थी। पुलिस का बढ़ता शिकंजा देख प्रभात ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इस बीच आरोपी दंपती ने भी कोर्ट में शीघ्र ही सरेंडर करने का प्रार्थनापत्र दिया था। सीजेएम लोकेश नागर ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। इस हत्याकांड में अब तक चारों नामजद आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इस मामले में अब केवल दो अज्ञात आरोपी गिरफ्तारी से बाकी रह गए हैं।