रतनपुरा। रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर खंड विकास अधिकारी की अनियमित दिनचर्या से फरियादियों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। दूरदराज से आए फरियादियों घंटों प्रतीक्षा करने के बाद बैरंग लौटना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा सका है। रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर खंड विकास अधिकारी की अनियमित दिनचर्या से कार्यालय में अव्यवस्था का बोलबाला है। खंड विकास अधिकारी के कार्यालय से नदारद रहने के चलते विभागीय अधिकारी तथा कर्मचारी भी कुछ देर रहकर निजी कार्यो में व्यस्त हो जा रहे हैं। हालत यह है कि दूरदराज से आने वाले फरियादियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। घंटों प्रतीक्षा करने के बाद लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। इस संबंध में क्षेत्र के रामाश्रय मौर्य, हीरामन ठाकुर, उमेश यादव, रामायन चौहान का कहना है कि खंड विकास अधिकारी के नियमित कार्यालय पर न बैठने से फरियादियों की समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। बीडीओ के नदारद रहने से कार्यालय में कर्मचारियों के अपने पटल पर न बैठने से एक ही कार्य के लिए कई दिनों तक कार्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा है। इस बाबत खंड विकास अधिकारी आरके वर्मा का कहना है कि होली अवकाश तथा चुनाव में ड्यूटी लगने से समस्या आ रही है। फरियादियों की समस्या का निस्तारण किया जाता है।