कोपागंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोपा कोहना स्थित राधाकृष्ण मंदिर व साहू धर्मशाला और कस्बे के चमनरोड स्थित कब्रिस्तान के विवाद को लेकर मंगलवार की शाम कोपागंज थाने के प्रांगण में सीआरओ हंसराज यादव और एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर की मौजूदगी में दोनों पक्षों से वार्ता कर विवाद के निस्तारण का प्रयास किया गया। वार्ता में साहू धर्मशाला का मामला कोर्ट में होने के कारण यथास्थिति कायम करने का निर्णय लिया गया। वार्ता में कब्रिस्तान के संदर्भ में कोई निर्णय नहीं हो सका। इसका निस्तारण शनिवार तक के लिए टाल दिया गया। बताते चलें कि क्षेत्र के ग्राम सभा कोपा कोहना में थाना के पीछे स्थित राधाकृष्ण मंदिर व साहू धर्मशाला है। वहां क्षेत्र के सभी वर्गों के लोग वर्षों से पूजा-पाठ व कर्मकांड आदि करते हैं। पिछले तीन महीने पहले कस्बे के हूंसा पूरा निवासी अमित पांडेय, राजू पांडेय आदि द्वारा इस मंदिर पर दावा किया जाने लगा। उधर कस्बे के चमनरोड स्थित कब्रिस्तान को लेकर एक ही समुदाय के शिया और सुन्नी लाश दफ़न करने को लेकर कई बार आमने-सामने आ गए थे। ये सभी विवादों को लेकर मंगलवार की शाम कोपागंज थाने के प्रांगण में सीआरओ हंसराज यादव व एसडीएम डॉ अंकुर लाठर की मौजूदगी में दोनों पक्षों से वार्ता की गई। वार्ता किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी। इसे अगले शनिवार तक के लिए टाल दिया गया।