रेलवे स्टेशन पर लगातार आए दिन लिंक फेल होने से बुधवार को भी आरक्षण कार्य बाधित रहा। इसके चलते न तो यात्री आरक्षण करा सके और न ही टिकट ही मिल सका। यात्रियों ने स्थानीय रेलवे अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई लेकिन बावजूद इसके अधिकारियों ने इसे ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई।
बुधवार को इंदारा कस्बे के दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों से आरक्षण करने के कई यात्री पहुंचे। लेकिन आरक्षण काउंटर पर लाइन लगाने के कुछ देर बाद ही रेलवे कर्मचारियों द्वारा लिंक खराब होने की बात कहकर नोटिस बोर्ड लगाकर वापस जाने की बात कही। टिकट कराने के लिए ठंड में दूरदराज से पहुंचे यात्रियों में इसको लेकर काफी गुस्सा है। टिकट कराने पहुंचे राम गुप्ता, विमलेश कुमार, धमेंद्र यादव, वकील अहमद, अशोक शर्मा, अवनीश कुमार, विजय यादव ने बताया कि बुधवार को टिकट कराने के लिए पहुंचे थे, जहां लिंक फेल होने के चलते उनका टिकट नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में उन्हें यात्रा में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं कुछ लोगों ने बताया कि वो पिछले कई दिनों से टिकट कराने के पिछले दो दिन से आ रहे है, लेकिन रेलवे कर्मचारियों द्वारा लिंक फेल होने की बात कह रहे है। इस बाबत वाणिज्य प्रभारी इंदारा सत्यदेव का कहना है कि लिंक न होने की सूचना प्रेषित कर दी गई है वाराणसी से लिंक को सही कराया जा रहा है जल्द ही आरक्षण काउंटर चालू कराया जाएगा।