मऊ। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के तत्वावधान में ग्राम प्रधानों की बैठक शनिवार को विकास भवन के प्रांगण में हुई। जिसमें ओडीएफ की समय सीमा बढ़ने के लिए ग्राम प्रधानों ने आवाज उठाई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष विवेकानंद यादव ने कहा कि भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री की मंशा के अनुसार जिले के सभी गांवों को ओडीएफ कराने के लिए दो अक्तूबर तक दबाव बनाया जा रहा है। जिसको पंचायतों में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। कहा कि कोई भी ग्राम प्रधान ओडीएफ के पत्रावली पर हस्ताक्षर कर यह प्रमाणित न करे कि उक्त गांव ओडीएफ हो गया है। संगठन के प्रदेश महासचिव कृष्णचंद वर्मा ने कहा कि सरकार पूरे प्रदेश को ओडीएफ करने की घोषणा करेगी। इसके लिए ग्राम प्रधानों को इस कार्यक्रम में अपना पूर्ण सहयोग करना चाहिए लेकिन प्रमाण पत्र जारी करने से बचना होगा यह कार्य सेक्रेटरी एडीओ पंचायत तथा जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से होना चाहिए। संगठन के प्रदेश प्रभारी रवींद्र राय ने कहा कि योजना प्रधानों के लिए सबसे खतरनाक योजना है, जिसमें विवेक से काम करना होगा। उन्होंने प्रदेश संगठन से मांग किया कि मुख्यमंत्री से मिलकर यह कहा जाए कि गांवों को ओडीएफ कराने के लिए प्रधानमंत्री ने 2019 का समय दिया है तो उत्तर प्रदेश में भी समय बढ़ा दिया जाए। बैठक में कुॅवर श्यामनरायन सिंह, ओमप्रकाश, अरविंद सिंह, अभय राय, संजय कुमार यादव, नरसिंह सिंह, बुधिराम आदि शामिल रहे।