कृषि विभाग द्वारा परदहां ब्लाक के सभागार में बुधवार को कृषि सुचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एंव कृषक जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने मेले का उद्घाटन किया। साथ ही मेले में आए स्टालों का निरिक्षण किया।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसान अपनी खेती वैज्ञानिक विधि के साथ नई तकनीक का खेती में इस्तेमाल कर अधिक उत्पादन ले सकता है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वीके सिंह ने बताया कि किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ साथ बागवानी, सब्जी उत्पादन, पशुपालन के साथ मत्स्य पालन कर के अपनी आय दोगुनी कर सकता है। वहीं डॉ. अंगद प्रसाद ने कहा कि किसान अपनी धान की फसल में पत्ती पीले रंग हो जाए तो किसान सल्फर का छिडकाव अवश्य करे। धान की फसल में खरपतवार के लिए किसान अपने खेत में 100 ग्राम प्रति बीघा नोमिनी गोल्ड का छिड़काव करने से खरपतवार नष्ट हो जाते हैं। मेले में विभागीय अधिकारियों ने मौजूद किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर गोपाल शरण पांडे, मुकेश राय, प्रद्युम्न राय, अनिल कुमार, हरिगोविंद मौर्य सहित अन्य मौजूद रहे।