मऊ-बलिया रेल मार्ग पर स्थित हलधरपुर हाल्ट पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। यहां पेयजल, बिजली सहित विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। यात्रियों की शिकायत के बाद भी मामले को लटका दिया गया है।
मऊ-बलिया रेल मार्ग स्थित हलधरपुर हाल्ट से क्षेत्र के दर्जनों गांवों से प्रतिदिन भारी संख्या में लोग वाराणसी, मऊ, आजमगढ़, बलिया सहित महानगरों की तरफ यात्रा करते हैं। लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं को बहाल तक नहीं किया जा सका है। हाल्ट पर शौचालय तो बना है, लेकिन हमेशा ताला लटका रहता है। भीषण गर्मी के मौसम में हाल्ट पर लगा हैंडपंप प्रदूषित पानी उगल रहा है। शाम होते ही हाल्ट पर अंधेरा पसर जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के नागेंद्र राय, अवधेश कुमार, श्रीकृष्ण कुमार सिंह का कहना है कि यहां से भारी संख्या में लोग यात्रा करते हैं इसके बाद स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। दौरे पर आए रेल विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है।