मऊ। महिला जिला अस्पताल में तैनात लिपिक ने गुरुवार की शाम को सीएमएस माधुरी सिंह पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतीशचंद्र सिंह को पत्र भेजा था। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित लिपिक को कार्यालय तलब किया। लिपिक से घटनाक्रम की जानकारी ली और उसे जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सीएमओ ने शुक्रवार को लिपिक विनोद को अपने कार्यालय बुलाया। साथ ही पूरी घटनाक्रम के बारे में पूछा। इस दौरान लिपिक ने सीएमओ को गुरुवार को भेजे गए पत्र की एक प्रति भी दी। इसमें विनोद ने सीएमएस पर आरोप लगाया, कि उनके द्वारा विभागीय साइट (जीमेल) पर उच्च अधिकारियों द्वारा मांगी जाने वाली रिपोर्ट को, वो उनके बजाय चीफ फार्मासिस्ट सुरेंद्र प्रसाद और बाहरी व्यक्ति आजाद राय द्वारा हस्ताक्षर कराकर भेजवाती हैं। विनोद ने बताया कि भविष्य में कोई गड़बड़ी होने पर उसकी जिम्मेदारी नहीं होगी। विनोद ने पत्र में बताया कि सीएमएस द्वारा गुरुवार को उसे फोन कर धमकी दी गई। इस बाबत सीएमओ डा. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें लिपिक और सीएमएस के विवाद की जानकारी है। इस बारे में उन्होंने शुक्रवार को लिपिक को बुलाकर उसका पक्ष सुना, वहीं सीएमएस के अवकाश के बाद लौटने पर उनका पक्ष सुनने के बाद मामले की जांच की जाएगी।