मंगलवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर जिले में विभिन्न स्कूलों में शहीद दिवस कार्यक्रम में बच्चों ने महात्मा गांधी के बताए मार्गों पर चलने की शपथ ली।
शहर के नेहरू केंद्र में मंगलवार को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नेहरू युवा के सदस्यों ने दो मिनट का मौनव्रत रखकर उनके तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। एडवोकेट विजय कुमार सिंह ने महात्मा गांधी को सदी का जननायक बताते हुए इनके सत्य, अहिंसा एवं अस्तेय नामक हथियार को पूरी दुनिया ने गांधीवाद के रूप में प्रसिद्ध होने की बात कही। नेहरू युवा केन्द्र के लेखाकार ओम प्रकाश मिश्र ने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नरेन्द्र तिवारी, पूजा राय, आरती आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में पिपरीडीह क्षेत्र के रैकवारेडीह स्थित रणधीर इंटर कालेज में शहीद दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रेमशीला मौर्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की चित्र पर दीप प्रज्वलित और पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रख कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की । स्कूल के बच्चों ने कैंडल जलाकर बापू को श्रद्धांजलि दी।