सरसेना। उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मुहैया कराने का दम भरने वाला बीएसएनएल का नेटवर्क चिरैयाकोट क्षेत्र में इस समय पूरी तरह से बदहाल हो चला है। नेटवर्क सुविधा गड़बड़ होने पर उपभोक्ता काफी परेशान है। नेटवर्क समस्या के लिए विभागीय अधिकारियों की उदासीनता सामने आ रही है। इंटरनेट सुविधा बदहाल होने से बैंकिंग के साथ साइबर कैफे आदि ठप पड़ गए हैं ।
विभागीय आकड़ो पर यदि नजर डाले तो चिरैयाकोट क्षेत्र में लगभग ढाई सौ इंटरनेट के उपभोक्ता और एक हजार से ज्यादा मोबाईल धारक उपभोक्ता है। शायद ही कोई ऐसा दिन हो जिस दिन चिरैयाकोट , सरसेना बाजार से लेकर गांवों तक इंटरनेट और मोबाईल का नेटवर्क सही तरीके से काम करता हो । इससे खास तौर से साइबर कैफे चलाने वाले दूकानदार काफी परेशान है । नेट साइबर चलाने वाले दूकानदार महबूब आलम , अशोक चौरसिया , रेहान खां , इरशाद अंसारी ,रमाकर पांडेय ने बताया कि दूर दराज से कोई काम लेकर आए ग्राहकों को दूसरे दिन आने के लिए बोला जाता है। या फिर उसका काम अपने पास रख लिया जाता है। उपखंड अधिकारी श्यामनरायन राम ने बताया की कभी कभी नेट गायब होता है, तो वह केवल कटने के कारण, सर्वर धीमी चलने की बात है तो वीटीएस लगाने वाली कंपनी से बात की गई है, बहुत जल्द समस्या का सामाधान हो जाएगा।