मऊ। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के लोगों को अब बजली समस्या से निजात मिलेगी। शासन की तरफ से विद्युत उपकेंद्र रतनपुरा में पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। इससे रतनप़ुरा ब्लाक क्षेत्र के उपभोक्ताओं में हर्ष है।
रतनपुरा विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के रतनपुरा गांव सहित दर्जनों गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। विद्युत उपकेंद्र में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने के चलते बिजली अप डाउन होने से लोगों को भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही थी। अतिरिक्त ट्रासंफार्मर लगवाने के लिए लगभग तीन साल से धरना प्रदर्शन चला था। गत वर्ष सितंबर में रतनपुरा के पूर्व प्रधान रामाश्रय मौर्य के नेतृत्व में रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के के विभिन्न गांवों के लोगों ने अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए जबरदस्त आंदोलन किया था। रतनपुरा के पूर्व प्रधान एवं भाजपा के जिला महामंत्री रामाश्रय मौर्य ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाक़ात कर रतनपुरा स्थित विद्युत उपकेंद्र में अतिरिक्त पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। ऊर्जा मंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना के तहत रतनपुरा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर पांच एमवीए का अतिरिक्त ट्रासंफार्मर लगवाने का निर्देश दिया। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता राजकुमार यादव का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र में अतिरिक्त पांच एवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है।