ज।लि महिला अस्पताल में महिला को कोरोना वैक्सिन लगातीं स्वास्थकर्मी।
- फोटो : MAU
मऊ। जिले में तीसरे चरण के चौथे दौर में सोमवार को नगर के चार निजी अस्पताल सहित 47 सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण किया गया। इस दौरान 2906 बुजुर्गों को टीका लगाया गया।चार निजी अस्पतालों में टीकाकरण कराने वाले बुजुर्गों की संख्या 44 रही। 6900 के सापेक्ष 2906 लोगों के टीकाकरण कराने से टीकाकरण का ग्राफ 42.1 फीसदी रहा।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि तीसरे दौर में नगर के आयुष्मान योजना में शामिल शारदा नरायण, फातिमा, प्रकाश अस्पताल और राहुल नर्सिंग होम के साथ जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल में टीकाकरण किया गया। इसके अलावा नौ ब्लाकों के सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज, फतेहपुर मंडाव, रतनपुरा, परदहा, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, बड़राव, दोहरीघाट के अंतगर्त आने वाले 32 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। बताया कि इन 47 केंद्रों पर 6 हजार 900 बुजुर्गों को टीका लगाने का लक्ष्य था, इसके सापेक्ष 2906 बुजुुर्गों ने टीका लगवाया। इस दौरान सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह, जिला प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. वीके यादव, एसीएमओ डॉ. पदम जैन आदि मौजूद रहे।
निजी अस्पतालों में 44 लोगों ने लगवाया टीका
सरकारी अस्पतालों में बुजुर्गों को निशुल्क टीका लगाया गया। जबकि निजी अस्पताल में टीका लगाने वाले 44 बुजुर्गो ने पहले डोज के लिए 250 रुपये का शुल्क का भुगतान किया। सकारात्मक बात रही कि चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण 100 फीसदी रहा। इसमें अमिला में 100 के सापेक्ष 100, मादी सिपाह तथा नदवासराय में 100 के सापेक्ष 120 लोगों ने टीका लगवाया। इसीक्रम में मधुबन पीएचसी में भी 100 के सापेक्ष 100 लोगों ने टीका लगवाया। सबसे कम टीकाकरण महिला जिला अस्पताल में हुआ, जहां 450 के सापेक्ष केवल 68 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं चार निजी अस्पतालों में तीन निजी अस्पताल में 44 जबकि एक में टीकाकरण का ग्राफ शून्य रहा।