जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ भले ही कम हो रहा है, लेकिन मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को 2940 संदिग्धों की आई जांच रिपोर्ट में 28 नए मरीज मिले। नए मरीजों से कुल मरीजों की संख्या आठ हजार पार करते हुए 8018 पहुंच गई है। वहीं एक मरीज की मौत हो गई। इससे मृतक मरीजों की संख्या 66 हो गई।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को 1561 लोगों की जांच एंटीजेन से की गई। इसमें 7 मरीज संक्रमित मिले, जबकि आजमगढ़ से आई 1369 जांच रिपोर्ट में 21 लोग संक्रमित मिले। संक्रमित मरीजों में नगर क्षेत्र से 5, दोहरीघाट ब्लाक से 11, घोसी ब्लाक से 1, कोपागंज ब्लाक से 2, मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक से 4, परदहा ब्लाक से 1, रानीपुर ब्लाक से 2 और दो अन्य जगहों से मिले है। बताया कि जिले में कुल मरीजों की संख्या अब 8 हजार 18 हो गई है। सकारात्मक बात है इसमें 7 हजार 657 मरीज रिकवर हो चुके है। वहीं 66 मरीजों की मौत हो चुकी है, सक्रिय 295 मरीजों में से 200 मरीजों का उपचार होमआईसोलेशन में किया जा रहा है।
23 लाख की आबादी में साढ़े चार लाख लोगों की जांच
मऊ। सीएमओ ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर 4 लाख 54 हजार 779 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें 2 लाख 55 हजार 115 लोगों की जांच एंटीजेन से की गई है। जबकि 1 लाख 99 हजार 664 लोगों का सैंपल लैब में भेजा गया। जिसमें मिल चुकी 1 लाख 93 हजार 561 रिपोर्ट में से 1 लाख 89 हजार 40 रिपोर्ट निगेटिव मिली है। वहीं 6 हजार 103 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आना शेष है।