जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात 417 नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन विभाग ने जारी नहीं किया है। आक्रोशित शिक्षकों ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पांच सितंबर 2018 को जिले के परिषदीय विद्यालयों में 417 शिक्षकों की तैनाती की गई। हाड़तोड़ मेहनत करने के बाद भी अभी तक वेतन जारी नहीं किया जा सकी है। इसके चलते आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया लेकिन सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने पर वेतन जारी होने का आश्वासन दिया जाता है। अभी तक मात्र 23 शिक्षकों को ही वेतन जारी किया जा सका है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि सत्यापन कार्य कब तक पूरा होगा पता नहीं चल पा रहा है। आनलाइन सत्यापन कराकर वेतन जारी किया जाए। मामले का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में वृजेश यादव, मुकुंद राय सहित एक दर्जन से अधिक नवनियुक्त शिक्षक शामिल रहे।