जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने गुरुवार को कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के खुखुंदवा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इसमें शैक्षिक गुणवत्ता उपयुक्त नहीं मिलने पर शिक्षकों को फटकार लगाई। साथ ही एक माह में सुधार करने की चेतावनी दी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्रत्येक कक्षाओं के बच्चों से सवाल पूछा। छठवीं कक्षा के बच्चों से विज्ञान विषय से सवाल पूछा कि मूली का जड़ खाते हैं या तना। बच्चों ने बताया कि जड़ खाते हैं। सातवीं तथा आठवीं के बच्चों में भूगोल विषय में अधिकांश प्रश्नों को नहीं बता पाए। सभी कक्षाओं में शैक्षिक गुणवत्ता दयनीय मिली। शैक्षिक गुणवत्ता दयनीय मिलने पर बीएसए ने लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही, शिक्षकों ने एक माह का समय मांगा। बीएसए ओपी त्रिपाठी का कहना था कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुबारा निरीक्षण में सुधार नहीं मिला तो कार्रवाई तय है।