मऊ। मुख्यमंत्री के संभावित निरीक्षण के मद्देनजर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी है। सरकारी भवनों की रंगाई पुताई करने के साथ ही विभागीय अभिलेेखों को दुरुस्त करने का काम जोरों पर चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर अधूरे कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री का जिले में संभावित निरीक्षण को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। सभी विभागों के अधिकारी बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करने में लगे हैं। अधूरे कार्यो को पूरा करने का कार्य चल रहा है। जिला अस्पताल में साफ सफाई कराई जा रही है। मानक के अनुरुप चिकित्सकों के तैनाती तथा अस्पताल में सुविधाएं बहाल करने में अस्पताल प्रशासन लगा हुआ है। विभिन्न ब्लाकों के खंड विकास अधिकारी समीक्षा कर सेक्रेटरियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है। गांवों में साफ सफाई तथा अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने का कार्य किया जा रहा है। बढुआगोदाम संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर परदहां ब्लाक क्षेत्र में तैयारी तेज हो गई है। परदहां ब्लाक कार्यालय के भवन की रंगाई पुताई तेजी से चल रही है। ब्लाक परिसर को मिट्टी से पाटकर समतल करने का काम चल रहा है। सीएचसी में जरूरी सुविधाएं बहाल करने पर अधिकारी मंत्रणा करते रहे। जर्जर आंगनबाड़ी भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। खंड विकास अधिकारी छोटेलाल ने सेक्रेटरियों को अधूरे कार्यो को अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया है।