मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। नगर पंचायत में मंगलवार को आयोजित बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रजिस्टर अधूरा होने और उस पर जबरन सदस्यों से हस्ताक्षर कराने से नाराज एक दर्जन सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर जमकर हंगामा किया। इस दौरान हंगामा बढ़ने पर नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना में पुलिस बुलानी पड़ी। बाद में नाराज सदस्यों ने नगर अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया, और उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सदस्यों के हंगामा के चलते बैठक स्थगित कर दी गई।
मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों के बीच शुरू से ही तनातनी चलती हैं, बजट पास कराने को लेकर मंगलवार को बोर्ड की बैठक आहूत की गई थी। दिन में दो बजे के करीब जैसे ही बैठक शुरू हुई। आरोप है कि बैठक शुरू होने के साथ ही लिपिक द्वारा सदस्यों का हस्ताक्षर कराया जाने लगा। इस कार्य से नाराज सदस्यों ने विरोध जताया। नाराज सदस्यों का कहना था कि विगत जनवरी माह में बोर्ड की बैठक में पारित किए गए प्रस्तावों को रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया है। इस पर अध्यक्ष और ईओ का भी हस्ताक्षर नही है, साथ ही कहा कि पिछली कार्रवाई लिखे और इसके अनुमोदन के बिना आज की बैठक की कार्रवाई शुरू किए जाने का कोई औचित्य नहीं है।
इस मुद्दे को लेकर सदस्यों के साथ अध्यक्ष और लिपिक के बीच बात इस कदर बढ़ गई कि मामला शांत करने को लेकर पुलिस बुलानी पड़ी। सदस्यों ने आरोप लगाया कि अपूर्ण रजिस्टर पर सदस्यों का हस्ताक्षर कराकर अध्यक्ष और लिपिक मनमाना और गैर पारित प्रस्ताव दर्ज करना चाहते है। जबकि एक दर्जन सदस्यों के वार्डों में एक भी कंबल नही दिया गया जबकि प्रस्ताव में कंबल, जलावनी लकड़ी, रैन बसेरा, स्वागत द्वार, सबमर्सिबल आदि के भुगतान का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर हंगामा कर रहे सदस्यों ने कार्यालय गेट पर धरना देकर अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी किया। इस बारे में पूछे जाने पर अध्यक्ष शकील अंसारी का कहना है कि समय न मिल पाने से पूर्व की बैठक में हुई कार्रवाई रजिस्टर पर वह हस्ताक्षर नही कर सके। साथ ही कहा कि पिछली 6 जनवरी की बैठक में ठंड से बचाव को लेकर पूरे नगर में अलाव जलवाने और वार्डों में कंबल वितरण को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके भुगतान को लेकर सदस्य बेवजह विरोध कर रहे है। बता दे कि नगर के कई सदस्य नगर अध्यक्ष के विरोध में हैं। बैठक का बहिष्कार और विरोध जताने में प्रमुख रूप से सदस्य अबूजर मदनी, आजम खान, बीरेंद्र यादव, नंदलाल सोनकर, खालिद कमाल, शाहिद, उस्मान गनी, रेणु सिंह, गीता देवी, रंजू यादव, संगीता देवी, जैबुनिशा, आदि शामिल रहे।
रजनीकांत पांडेय