नदवासराय। बड़राव ब्लाक के भोपौरा स्थित शांति सिंह पीजी कालेज प्रागंण में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना में छठवें दिन सोमवार को एनएसएस छात्रों ने स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। रैली कॉलेज प्रांगण से शुरू होकर नदवासराय, रेवरीडीह, भिखारीपुर सहित आधा दर्जन गांव होते हुए वापस विद्यालय प्रांगण पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में छात्राओं ने ग्रामीणों को खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी देकर केवल शौचालय का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
इससे पहले एनएसएस छात्रों ने कॉलेज परिसर के साथ गांव के शिवमंदिर और दुर्गा मंदिर में स्वच्छता अभियान के तहत साफ सफाई की। शिविर में कॉलेज प्रबंधक डा. ईशदत्त सिंह, डा. बृजेश, प्राचार्य तीर्थमणि त्रिपाठी, गोपाल, अनुपम ओझा, तूफानी राजभर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में रानीपुर ब्लाक के पलिया स्थित बाबा भृगु महाविद्यालय में जारी राष्टीय सेवा योजना शिविर के छठवें दिन स्वयं सेवक-सेविकाओं ने बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ अभियान के तहत रैली निकाली गई। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर बकरी गांव, पलिया बाजार होते हुए वापस महाविद्यालय पर आकर समाप्त हुई। रैली में स्वयं सेवक सेविकाओं ने ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बेटियो को पढ़ाने की अपील की। इस मौेके पर कार्यक्रम अधिकारी डा. उमेश प्रसाद, डा. नवीन सिह, संजय तिवारी, रामलाल, संजय, शिवांगी आदि उपस्थित रहे।