फतेहपुर हॉटस्पॉट क्षेत्र में पसरा सन्नाटा,तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : MAU
मऊ। जिले के एक हॉटस्पॉट क्षेत्र में 388 घरों का सर्वे करते हुए दो हजार से ज्यादा लोगों की स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं फतेहपुर मंडाव हॉटस्पॉट जोन के लिए माइक्रोप्लान बनाते हुए 12 टीमें गठित की गई। जबकि अन्य हॉटस्पॉट गांवों में थर्मल स्क्रीनिंग के साथ सैनिटाइज कार्य किया गया।
मधुबन संवाददाता के अनुसार मर्यादपुर में शनिवार को भी 11 टीमों ने सर्वे कार्य चालू रखा। टीम ने दूसरे दिन 388 घरों का सर्वे करते हुए 2028 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। टीम को सर्वे के दौरान 164 लोग बाहरी मिले, जिसकी सूचना टीम ने तहसील प्रशासन को दे दी। वहीं दूसरे कंटेनमेंट जोन धर्मपुर गांव में निगरानी समिति के सदस्यों ने होम क्वारंटीन हुए लोगों से घरों में रहने की अपील की। साथ ही कोरोना पॉजिटिव के घरों के आस पास के क्षेत्रों को सैनिटाइज किया गया। इसीक्रम में तीसरे हॉटस्पॉट क्षेत्र फतेहपुर मंडाव का माइक्रोप्लान एसडीएम लालबाबू दुबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बनाया गया। जिसमें फतेहपुर मंडाव के 423 घरों का सर्वे करने तथा 3256 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए पांच सदस्यीय 12 टीमें गठित की गई। बढुआगोदाम संवाददाता के अनुसार डुमराव हॉटस्पाट में सर्वे तथा थर्मल स्क्रीनिंग का कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को दुबारा कोरोना पॉजिटिव मिले युवक के घर सहित आस पास क्षेत्र में बने घरों को सैनिटाइज किया गया। वहीं परदहा ब्लाक के दूसरे हॉटस्पॉट गांव अहिलाद में भी सैनिटाइज कार्य किया गया। रानीपुर संवाददाता के अनुसार हॉटस्पॉट पलिया गांव में सर्वे कार्य पूरा होने के बाद आवश्यक सामानों की आपूर्ति के लिए पांच दुकानदारों को चिह्नित किया गया। जिसमें दो किराना, दो सब्जी तथा एक दूध दुकानदार है। चिह्नित दुकानदारों का मोबाइल नंबर हॉटस्पॉट क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध करा दिया गया है।