19 मई को जिले में पड़ने वाले वोट के दिन मत प्रतिशत बढ़ानें के लिए रविवार की सुबह जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मय टीम के सड़क पर उतरे। आजमगढ़ मोड़ से शुरु हुआ रन फार वोट साढ़े आठ किमी दूरी तय करते हुए पूरे शहर का चक्कर लगाकर पुन: आजमगढ़ मोड़ पर पहुंचकर समाप्त हुआ।
इस दौरान डीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने नारे लगाकर लोगों से 19 मई को वोट करने की अपील किया। इन दोनों अधिकारियों के साथ एडीएम डीपी पाल, अपर पुलिस अधीक्षक एसके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर डा. अंकुर लाठर, एसडीएम मुहम्मदाबाद गोहना, एसडीएम मधुबन निरंकार के साथ अन्य अधिकारियों ने रन फार वोट कार्यक्रम में भाग लिया। आजमगढ़ मोड़ से आठ बजे के करीब जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान रैली में सबसे आगे लोकगीत गायक देवानंद देव मतदान से संबंधित गीत गाते हुए चल रहे थे। इस दौरान वह लोगों से वोट करने की अपील भी कर रहे थे। पीछे से सारे अधिकारी सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, लोकतंत्र की है यही पुकार मत प्रतिशत सुधरेगा अबकी बार, सहित तमाम नारे लगाते हुए चल रहें थे। आजमगढ़ मोड़ से शुरु हुई रैली रोडवेज, रेलवे फाटक, सदर चौक, संस्कृत पाठशाला, औरंगाबाद, मिर्जाहादीपुरा सलहाबाद मोड़ होते हुए आजमगढ़ मोड़ पर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में अधिकारियों के अलावा स्कूली बच्चे शामिल थे। जो मतदान प्रतिशत बढ़ाने संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियों को लेकर चल रहे थे। रन फार वोट के जागरूकता कार्यक्रम में डीएम एसपी के अलावा, मुख्य राजस्व अधिकारी हंसराज, जिला विकास अधिकारी विजयशंकर राय, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. केसी भारती, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी डा. जितेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जेएन सचान, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीशचंद्र सिंह, डा. संजय सिंह के साथ खंड विकास अधिकारी रानीपुर रजनीश सिंह अन्य लोग शामिल रहें।