कुसुम्हा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट के सभागार में रविवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएचसी दोहरीघाट के अधीक्षक डॉ. फैजान अहमद ने अदम्य साहस का परिचय तथा अपनी सूझबूझ से जच्चा-बच्चा की जान बचाने वाली आशा कार्यकर्ता फूलमती देवी को सम्मानित किया।
गत शनिवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग खराब होने के कारण एंबुलेंस आने में देरी होने पर आशा कार्यकर्ता फूलमती देवी ने अन्य महिलाओं की मदद से गोंठा मोटल तथागत गेट के पास प्रसव कराया और जच्चा-बच्चा की जान बचा लिया था। इस मौके पर सीएचसी दोहरीघाट के अधीक्षक डॉ. फैजान अहमद ने कहा कि जिस तरह से आशा कार्यकर्ता फूलमती देवी ने अपने प्रशिक्षण और कार्यकुशलता का परिचय दिया है। इससे सभी आशा कार्यकर्ता, एएनएम तथा स्वास्थ्यकर्मियों को सीखना चाहिए। सभी लोगों को इसी प्रकार अपने दायित्व का निर्वाह करना चाहिए। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने कहा कि आशा स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। जन स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर तरीके से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के लिए आशा ही सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इस अवसर पर डीसीपीएम सुरेंद्र यादव, एएनएम पुष्पा राय, चंद्रमा राय, आशा संगिनी विनीता मिश्रा, मीरा देवी, आशा, निर्मला राय, मंता, सुनीता प्रजापति, किरन सहित आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।