मऊ। भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज पूरे जिले भर में मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर राखियों और मिठाइयों की दुकानें जगह-जगह सजी रही। इस सास बाजार में स्टोन, टैडी, अमेरिकन डायमंड, कोलकाता की बनी राखियां सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में शनिवार देर शाम तक बहनें खरीदारी करती नजर आई रही।
आजकल रक्षाबंधन का त्योहार जाति धर्म के बंधनों से ऊपर आ चुका है। अब न सिर्फ हिंदू बहनें बल्कि मुसलिम और अन्य धर्म के भी भाई बहन रक्षाबंधन को काफी हर्ष के साथ मनाते है। पर्व के मद्देनजर नगर सहित जिले के प्रमुख बाजारों में जगह-जगह राखी के स्टाल लगे थे। स्टालों पर रंगबिरंगी और आर्कषक राखियां सजी हुई थी। दुकानों पर सुबह से ही राखियों और मिठाइयों, कपड़े आदि दुकानों में खरीदने वालों का रेला लगा रहा। बहनों ने रक्षाबंधन पर पहनने के लिए नए कपड़ों की भी खरीदारी की। वहीं, महिलाओं में रक्षाबंधन पर मेंहदी लगवाने का भी रिवाज है। जिसके तहत बहनों ने अपने हाथों पर मेंहदी भी सजाई है। राखी की खरीदारी करने आई ज्ञांती देवी, अनुराधा सिंह का कहना था कि उन्हें रक्षाबंधन पर्व का काफी इंतजार रहता है। क्योंकि वे अपने भाई की कलाई पर राखी बांधतीं हैं। उधर जिले के विभिन्न इलाकों के स्कूलों में भी कार्यक्रमों की धूम रही। विद्यालयों में आयोजित राखी प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने रक्षाबंधन के महत्व का समझाया।
मुस्लिम छात्राओं ने पेश की मिसाल
पिपरीडीह। रक्षाबंधन की पूर्व संख्या पर क्षेत्र के रैकवारेडीह स्थित रणधीर सरस्वती बाल विद्या मंदिर में रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया। छात्राओं ने छात्रों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। तैरीफ, फातिमा, सायरा बानो, शबनम बानो आदि मुस्लिम छात्राओं ने भी हिंदू छात्रों को राखी बांध कर हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की। छात्रायें प्रिया गुप्ता, अनु यादव, अन्नया यादव, प्रियांशु चौहान, रिया शर्मा आदि छात्राओं ने घरों से मिठाई तथा राखी लेकर आई थी। इस मौके पर प्रबधंक विमलेश यादव ने रक्षा बंधन के महत्व पर प्रकाश डाला। पांचवीं कक्षा की छात्रा रंजना यादव, सोनम चौहान रक्षाबंधन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रधानाचार्य राजकुमार चौहान, हुमा परवीन, प्रेमशिला मौर्य, वंदना यादव, मंशा प्रजापति, संगीता यादव, निशा यादव आदि मौजूद रहे। ब्यूरो