मधुबन थाना क्षेत्र के दुुबारी-मधुबन मार्ग पर बवला पुल के समीप शुक्रवार की सुबह 10 बजे के करीब ड्यूटी पर जाते समय यूनियन बैंक दुबारी के कैशियर एवं एकाउंटेंट को तमंचा सटाकर बदमाशों ने 20 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बैग में बैंक की चाबी सहित अन्य जरूरी कागजात भी थे। इस संबंध में कैशियर एवं एकाउंटेंट ने थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध तहरीर दी है।
यूनियन बैंक के दुबारी शाखा के कैशियर आदित्य त्रिपाठी निवासी गोरखपुर एवं एकाउंटेंट राजीव त्रिपाठी निवासी नगवा गांव थाना नगरनौसा जिला नालंदा बिहार शुक्रवार की सुबह मधुबन से एक ही बाइक पर सवार होकर बैंक जा रहे थे।
बाइक राजीव चला रहे थे। बलवा पुल के समीप एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया और तमंचा तान कर इन्हें बाइक रोकने को कहा। राजीव के बाइक रोकते ही बदमाशों में से एक ने आदित्य के पास मौजूद हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में 20 हजार नगद बैंक की चाभी और कागजात आदि थे।
वारदात से दहशत में आए आदित्य और राजीव ने लूट की सूचना ब्रांच मैनेजर सहित पुलिस को दी। सूचना पाने के बाद एसओ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की खोजबीन शुरू कराई। इस संबंध में थानाध्यक्ष वंशबहादुर सिंह का कहना है कि लूट के मामले में तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।