मोहल्ला हकीमपुरा में बृहस्पतिवार की रात पांच लोगों ने एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए तत्काल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते हुए युवक की मौत हो गई। युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पांच के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना की वजह 20 दिन पहले हुए फुटबाल मैच में झगड़े को मानी जा रही है।
तहरीर के अनुसार भदसा मानोपुर निवासी ज्याउद्दीन (40) पुत्र शहाबुद्दीन मोहल्ला हकीमपुरा में अपनी ससुराल में रहता था। 20 दिन पहले भदसा मानोपुर में बच्चों के बीच फुटबॉल मैच के दौरान ज्याउद्दीन की कुछ लोगों से मारपीट हुई थी। जिसे लेकर ज्याउद्दीन को बार-बार धमकी मिल रही थी। बृहस्पतिवार की रात 8.30 बजे जब वह कोपागंज बाजार से अपने ससुराल जा रहा था अभी वह अपने ससुराल के गली के मुहाने पर पहुंचा था। इसी बीच पांच लोगों ने चाकू से उसपर हमला कर दिया और उस पर चार से पांच वार कर घायल कर दिया। ज्याउद्दीन की चीख सुनकर आसपास के लोगों ने उसे खून से लथपथ और तड़पता देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त युवक की मौत हो गई। युवक की पत्नी दरख़्खसा खातून ने तहरीर दी है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी घोसी दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।