लोकसभा सामान्य निर्वाचन को संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मानीटरिंग) कमेटी का गठन किया गया। जिससे विज्ञापनों पर नजर रखी जाएगी।
इस कमेटी में जिलाधिकारी अध्यक्ष एवं उप जिलाधिकारी मधुवन निरंकार सिंह, उप जिलाधिकारी घोसी सीएल सोनकर सहायक निर्वाचन अधिकारी सदस्य, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अतुल वत्स ,उप जिलाधिकारी सदर डा. अंकुर लाठर सहायक रिर्टनिंग आफिसर्स सदस्य, रामाश्रय यादव दूरदर्शन केन्द्र मऊ सदस्य, जिला पंचायत राज अधिकारी शीतला प्रसाद सिंह सदस्य, सचिव एवं पत्रकार आनंद कुमार सदस्य बनाए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी कार्यालय के बगल में एमसीएमसी कक्ष की स्थापना की गयी है। इसमें तीन सेट टीवी लगाकर तीन शिफ्टों में इलेक्ट्रानिक्स मीडिया पर चलाये जा रहे विज्ञापनों पर नजर रखी जा रही है। इसी प्रकार जिला सूचना विज्ञान अधिकारी भद्री कुमार विनोद को सोशल मीडिया एक्सपर्ट के रूप में नामित किया गया है। जनपद में फेसबुक, गूगल, ट्यूटर, इंस्टाग्राम, व्हाट्स एप, यू ट्यूब आदि चैनलों पर नजर रखी जा रही है।
डीएम ने बताया कि कोई भी दल यदि सोशल मीडिया, इलेक्ट्रानिक मीडिया पर प्रचार चलाना चाहता है तो उसको एमसीएमसी कमेटी से भी सर्टिफिकेशन अवश्य कराना होगा। इसी क्रम में किसी प्रकार का प्रिन्ट विज्ञापन को छपवाने के लिए भी प्री सर्टिफिकेशन कराना होगा। एमसीएमसी कमेटी द्वारा समाचार पत्रों में भी खबरों पर नजर रखी जायेगी। यदि ऐसा महसूस होता है कि यह न्यूज पेड न्यूज है तो उसे प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जायेगा। जिलाधिकारी ने अपील की है कि कोई भी दल का प्रत्याशी बिना सर्टिफिकेशन के कोई पोस्टर न डालें न प्रचार करें। जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि कोई ऐसा मामला संज्ञान में आये तो एमसीएमसी कमेटी में उसकी शिकायत करें।