मऊ। बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन मंगलवार को नगर स्थित एक परीक्षा केंद्र पर दो मुन्ना भाई पकड़े गए। जबकि दो परीक्षा केंद्र पर छात्रा सहित पांच नकलची रस्टीकेट किए गए। डीआईओएस ने दो फर्जी परीक्षार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया। प्रथम पाली की परीक्षा में पंजीकृत 56434 के सापेक्ष 47147 परीक्षार्थी शामिल हुए।
जिले में 157 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी तथा इंटरमी प्रारंभिक हिंदी हुई। नगर के जीवन राम इंटर कालेज पर कक्ष निरीक्षकों द्वारा मिलान करने के दौरान दो मुन्ना भाई पकड़े गए। यह दूसरे परीक्षार्थी के नाम पर परीक्षा दे रहे थे। पकड़े गए मुन्ना भाई में परशुपुरा के सुनील यादव, अमित कुमार के रुप में पहचान की गई। दोनों परीक्षार्थियों को रस्टीकेट कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक अवधेश यादव ने दोनों फर्जी परीक्षार्थियों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी के नेतृत्व में सचल दस्ते ने पहली पाली में बाबा विश्वनाथ स्मारक जनता इंटर कालेज चटिया चकरा में एक परीक्षार्थी के पास से भारी मात्रा में नकल सामग्री पकड़ी। परीक्षार्थी को रस्टीकेट कर दिया। दीपदेव इंटर कालेज के निरीक्षण मेें सब कुछ ओके मिला। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने जीवन राम इंटर कालेज में पकड़े गए दो फर्जी परीक्षार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक को निर्देश दिया। परीक्षा पर चार जोनल मजिस्ट्रेट, दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा 31 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर नजर रखे रहे थे। इसके अलावा चार सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों का चक्रमण करते रहे। इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा एजेंसियां भी गोपनीय तरीके से जांच करने के लिए सक्रिय रही। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने एक दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई। दयानंद इंटर कालेज इटैली में दूसरी पाली में केंद्र व्यवस्थापक ने एक छात्रा को नकल करने पर रस्टीकेट कर दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.केसी भारती ने गांधी स्मारक इंटर कालेज रामपुर, गांधी इंटर कालेज मारुफपुर, फतहपुर गर्ल्स इंटर कालेज तालनरजा सहित एक दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। रतनपुरा: कस्बा के नेशनल इंटर कालेज में कक्ष निरीक्षकों ने नकल करते दो छात्रों और एएन नोमानी इंटर कालेज में एक छात्र को नकल करते पकड़े जाने पर रस्टीकेट किया।
इनसेट
परीक्षा कक्ष में बेहोश हुई छात्रा
मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा की दूसरी पाली में नगर के राज इंटर कालेज में बकवल में परीक्षा दे रही छात्रा बेहोश हो गई। परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे के बाद छात्रा बेहोश हो गई। कक्ष निरीक्षक की सूचना पर केंद्र व्यववस्थापक ने छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल में इलाज चल रहा था। छात्रा ज्योतिगिरी (16) पुत्री अक्षैयवरगिरी निवासी सरायलखंसी थाना क्षेत्र की निवासी है।