श्रम विभाग की तरफ से दोहरीघाट विकास खंड क्षेत्र के रसूलपुर बाजार में गुरुवार को जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. नासिर, डॉ. रसिद रहे। लगाए गए शिविर में 217 श्रमिकों ने पंजीकरण कराया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी मान सिंह ने कहा कि जो भी लोग मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं। वह अपना पंजीकरण श्रम विभाग में करवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। शासन की तरफ से मजदूरों को कन्या विवाह सहायता योजना के तरह श्रमिकों के पुत्रियों के विवाह के लिए 55हजार एवं अंतरजातिय विवाह करने पर 61हजार रूपये मजदूर के दो पुत्रियों के विवाह के लिए सरकार सहायता देगी। आवास योजना के तहत श्रमिकों के आश्रयहीन होने पर कच्चे मकान की जगह मकान बनवाने, मकान खरीदने के लिए सरकार द्वारा एक लाख रूपये मजदूरों को सहायता प्रदान की जाएगी। जो भी मजदूर भवन निर्माण के लिए कार्य करते समय मृत्यु एवं विकलांग हो जाने पर तीन लाख की मदद की जाएगी। सरकार द्वारा मजदूरों की उम्र 60 साल पूरा होने से पूर्व तीन वर्ष लगातार कार्य करने पर एक हजार रुपया प्रति माह आजीवन पेंशन दी जाएगी।
मजदूरी करने वाले श्रमिक, श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की मृत्यु पर उनकी अंतिम संस्कार के लिए श्रम विभाग की तरफ से 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता श्रम विभाग द्वारा दी जाएगी। श्रम विभाग के द्वारा श्रमिकों के बच्चों को मेधावी छात्र पुरस्कार योजना के तहत छात्र-छात्राओं को कक्षा पांच से लेकर उच्च शिक्षा के लिए चार हजार रुपया से 22 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। शिविर में 217 श्रमिकों ने पंजीकरण कराया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण, डॉ. रमायन मौर्य, पंकज त्रिपाठी ,रजनीकांत मौर्य, मनोज कुमार आदि शामिल रहे।