महिला जिला अस्पताल के रेडियालाजिस्ट वेतन न मिलने की बात कहकर अल्टासांउड कक्ष पर पोस्टर चस्पाकर ताला लगा दिया। इससे अल्टासांउड कराने आए मरीज इलाज के बिना ही लौट गए। जबकि सीएमएस का कहना है कि डा. गौतम को निर्धारित मानदेय से अधिक की धनराशि का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इसलिए 40 प्रतिशत रकम की कटौती की जा रही है।
महिला जिला अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट डा. एसडी गौतम की संविदा पर तैनाती है। सोमवार को डा. गौतम ने सीएमएस पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए अल्ट्रासांउड कक्ष पर ताला लगा दिया। उन्होंने वेतन न मिलने की का उल्लेख करते हुए एक पोस्टर चस्पा कर दिया, लिखा कि वेतन न मिलने तक अल्टासांउड नहीं करेंगे। ऐसे में 50 से ज्यादा मरीज लौट गए। डा. एसडी गौतम का आरोप है कि सीएमएस द्वारा मनमाना रवैया अपनाते हुए उनका अक्तूबर माह का वेतन रोक दिया गया है, जबकि अस्पताल के दूसरे संविदा डाक्टर और कर्मचारियों का वेतन का भुगतान किया जा चुका है। इस बावत सीएमएस डा. आरके गुप्ता ने बताया कि तत्कालीन सीएमएस माधुरी सिंह के कार्यकाल में डा. एसडी गौतम को निर्धारित वेतन से ज्यादा का भुगतान कर दिया गया। शिकायत मिलने पर जांच कराई गई , शिकायत सही पाए जाने पर उन्हें भुगतान किए जा चुकी रकम से प्रतिमाह 40 फीसदी की कटौती की जा रही है। लेकिन कटौती के बाद एकत्रित राशि को जमा कराने के लिए अभी तक शासन द्वारा कोड नहीं मिल सका है। दीपावली बाद कोड मिलने पर राशि को जमा कराने के साथ डा. गौतम को बकाया वेतन कटौती कर भुगतान कर दिया जाएगा। रेडियोलाजिस्ट की तालाबंदी उचित नहीं है।