नगर के कई मोहल्लों में अभी भी पेयजल संकट बना हुआ है। इससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार विभाग द्वारा इस समस्या का निस्तारण का प्रयास नहीं करने से लोगों में रोष पनप रहा है।
गर्मी बीतने के बाद बारिश के मौसम में भी नगर पालिका के कई वार्डों में पेयजल समस्या बनी हुई है। वार्डों में बिछी जर्जर पाइप लाइनों से पानी लीकेज होने से घरों में पर्याप्त प्रेशर में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे नगर के विभिन्न वार्डो में गंभीर पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को सुबह के समय पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। लोगों को दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है।
पेयजल की सबसे ज्यादा किल्लत नगर के वार्ड 36 के न्याज मुहम्मदपुरा में है। यहां पिछले पांच दिनों से सबमर्सिबल पंप जला हुआ है। लोगों को पानी के लिए काफी किल्लत उठानी पड़ रही है। इसी प्रकार वार्ड 6 ताजोपुर, मुंशीपुरा, डोमनपुरा क्षेत्रों में भी पानी की समस्या है। न्याज मुहम्मदपुरा के निवासी राजेश, कैलाश शर्मा, दूधनाथ सोनकर, राजेंद्र राजभर आदि का कहना है कि पिछले चार माह से पानी की किल्लत है। रोजाना कम मात्रा में पानी मिलने से उन्हें पानी के लिए हैंडपंपों से पानी भरकर लाने केे मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं ताजोपुर निवासी रमाकांत तिवारी, गोपाल, राजीव शर्मा, अजंनी सिंह का आदि का कहना है कि वार्ड में पाइप लाइन न बिछे होने के चलते हम लोग विगत कई सालों से पेयजल संकट से जूझ रहे है। कई बार इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों को शिकायत भी कर चुके हैं, बावजूद हर बार केवल समस्या का निस्तारण का आश्वासन दिया जाता हैं, लेकिन उसे दूर कराने का प्रयास नहीं किया जाता है। इस बावत नगर पालिका के जलकर प्रभारी पीएन शर्मा का कहना है कि नगर में पर्याप्त मात्रा में पेयजल आपूर्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। न्याजपुरा में मोटर बदलवाई जा रही है। अगर किसी वार्ड में लीकेज के चलते सप्लाई आपूर्ति नहीं हो पा रही हैं तो उसे दुरुस्त करा दिया जाएगा।