मऊ। रतनपुरा ब्लाक की ग्राम पंचायत साहूपुर में तीन से चार फुट पानी भरे पोखरे की खुदाई करके सरकारी धन की लूट की जा रही है। शौचालयों के निर्माण की गुणवत्ता काफी खराब है। पिछले चार सालों में गांव में कराए गए किसी भी विकास कार्य का बोर्ड नहीं लगाया गया है। एक समाज सेवी द्वारा जिलाधिकारी को साक्ष्यों सहित शिकायती प्रार्थनापत्र देकर गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की गई है।
समाजसेवी अरविंद मूर्ति ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थनापत्र में लिखा है कि गांव के बाहर प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय के सामने थानीदास पोखरे गाटा संख्या 781 में वर्क आईडी संख्या-31560007061/ 958486255822879722 से खुदाई कार्य हो रहा है। पोखरे में 3-4 फीट पानी पूरे क्षेत्रफल में फैला हुआ है। सिर्फ किनारे की 5-7 इंच मिट्टी की खुदाई की कर लाखों रुपये का गोलमाल किया जा रहा है।
प्रार्थनापत्र में लिखा गया है कि वित्तीय वर्ष 2015-16 से अब तक किए गये कार्यों का पूरे ग्रामपंचायत में कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। शौचालय निर्माण की गुणवत्ता काफी खराब है। शासनादेश का उल्लघंन करते हुए एक गड्ढे ही बनाये गये हैं। मनरेगा से कई मिट्टी कार्य आन लाइन आन गोइंग दिखाए जा रहे हैं, ये कार्य परंतु जमीन पर नहीं कराए जा रहे हैं। किसी भी कार्य की वीडियोग्राफी नही कराई जा रही है। राज्य वित्त के धन से कराये गये कार्यों का कुछ भी पता नहीं है। सीडीओ आशुतोष कुमार द्विवेदी का कहना है कि इस प्रकरण की जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।