ब्लाक क्षेत्र के छिछोर करौंदी गांव चिनोरा पुरवा के ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज होकर बुधवार को ब्लॉक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बीच सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की और खंड विकास अधिकारी को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छिछोर करौंदी गांव के चिनोरा पुरवा में सरकार की तरफ से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हम लोगों को नहीं मिल पा रहा है। विकास कार्य न के बराबर है। पुरवे के लोगों को शौचालय, आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया जा सका है। लगभग 17 वर्ष पहले शुरू हुआ आंगनबाड़ी केंद्र अभी अधर में लटका पड़ा है। प्रदर्शनकारियों का यह भी कहना था कि विकास कार्य अविलंब शुरू नहीं कराया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।
अंत में प्रभारी खंड विकास अधिकारी मुन्नी लाल पाल को ज्ञापन सौंपा। प्रभारी खंड विकास अधिकारी के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में जयप्रकाश चौहान, भगवान, प्रह्लाद ,आशीष कुमार, सुभावती, पार्वती, कलावती आदि शामिल रहे।