कोपागंज। राज्य मिशन के तहत गोद लिए गए खुखुंदवा गांव का निरीक्षण बुधवार को जिलाधिकारी करेंगे। डीएम के निरीक्षण के क्रम में मंगलवार की सुबह से ब्लाक में तैनात सफाईकर्मी सार्वजनिक स्थलों तथा संपर्क मार्गों को चमकाने में लगे रहे।
कोपागंज विकास खंड क्षेत्र के खुखुंदवा को वर्ष 2016-17 में राज्य स्वास्थ्य मिशन के तहत गोद लिया गया था। गोद लिए गए गांव का जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु बुधवार को निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी के निरीक्षण को लेकर ब्लाक के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा जिले के अन्य विभागों के अधिकारियों के कान खड़े हो गए हैं। ब्लाक स्तरीय अधिकारी मंगलवार की सुबह से ही गांव में पहुंच अपने अपने कार्य को पूर्ण करने में जुटे रहे। वहीं गांव की सभी बस्तियों में व्याप्त गंदगी और जाम पड़ी नालियो को एडीओ पंचायत शीत कुमार सिंह, सचिव शिव कुमार लाल श्रीवास्तव की देख रेख में ब्लाक के समस्त सफाईकर्मी चमकाने में जुटे रहे। मंगलवार की सुबह सफाईकर्मियों की लंबी चौड़ी फौज को अचानक देख ग्रामीण दंग रह गए। ग्रामीण आपस में कह रहे थे कि अब तक एक साथ कभी भी इतने सफाईकर्मी नहीं देखे और नहीं ऐसी कभी साफ सफाई ही हुई। काश जिलाधिकारी समय-समय गांव आते तो व्यवस्था बेहतर हो जाती।