मऊ (ब्यूरो)। कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ शनिवार को बैठक हुई। इसमें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छूटे हुए युवा निर्वाचकों को पंजीकृत करने के लिए पहली जुलाई 2017 से प्रारंभ होने वाले विशेष अभियान के बारे में जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि युवा मतदाताओं 18 से 21 वर्ष को पंजीकृत करने के लिए पहली जुलाई से 31 जुलाई तक अभियान चलाया जाएगा। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नए मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। 18 साल पूरी करने वाले युवाओं से फार्म-6 भरवाकर बीएलओ प्राप्त करेंगे। मृतक मतदाताओं का सत्यापन कर नियमविहित प्रक्रिया अपनाते हुए उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। मतदाता सूची में शामिल नामों के बाबत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण पहली अगस्त से 31 अगस्त तक किए जाएंगे। पूरक सूचियों सहित निर्वाचक नामावली का आलेख प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 31 अक्टूबर तक प्रकाशित किया जाएगा।