मधुबन। धार्मिक आस्थाओं से जुड़े नगर पंचायत के वार्ड नंबर आठ स्थित दुधिया पोखरा के अब दिन बहुरने वाले हैं। रविवार को उफरौली में प्रबुद्ध वर्ग के लोगों की बैठक हुई। इसमें पोखरे के कायाकल्प कराने की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में वरिष्ठ चिकित्सक सूर्यभान पांडेय ने कहा कि सैकड़ों साल पुराने इस पोखरे के कायाकल्प के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में क्षेत्र पंचायत आगे आई, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं दिखा। बबलू ठठेरा ने कहा कि पोखरे के सुंदरीकरण के साथ ही अंत्येष्टि संस्कार के लिए चबूतरा स्नान घर तथा हैंडपंप होने का सुझाव दिया। सभासद प्रतिनिधि चुन्नू पासवान, विनोद मद्धेशिया, प्रविंद मल्ल ने कहा कि नगर पंचायत के सभी वार्डों की महिलाएं छठ पर्व पर पूजन अर्चन करती हैं। जहां न तो चबूतरा है न ही इनके लिए कोई स्थायी सुविधा है। इसके चलते महिलाओं को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। अंत में चेयरमैन प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया ने कहा कि पोखरे के सुंदरीकरण के साथ ही यहां शिव मंदिर निर्माण तथा संस्कार के लिए चबूतरा, स्नान घर निर्माण का सुझाव आया है। जिस पर नगर पंचायत गंभीरता से विचार करते हुए सभी सुझावों पर विचार विमर्श कर कार्य कराया जाएगा। इस अवसर संजय मल्ल, ज्ञानप्रकाश पांडेय, जयप्रकाश, स्वदेश मल्ल, हरिश्चंद्र आदि शामिल रहे।