मऊ। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को शहीद स्मृति दिवस मनाया गया। पुलिस कर्मियों ने इस अवसर पर उन अमर शहीदों को यादकर उन्हें नमन किया जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया है। इस वर्ष प्रदेश में कुल 67 पुलिस के जवान विभिन्न स्थानों पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए हैं। चीन की सीमा पर अपने देश की सीमा की रक्षा करते समय 21 अक्टूबर वर्ष1959 को पुलिस के 10 जवान शहीद हो गए थे। तभी से सभी पुलिस कर्मी शहीद दिवस का आयोजन कर रहे हैं। उनकी याद में शनिवार को सभी थानों में शहीद स्मृति दिवस का आयोजन किया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए नमन किया।