मऊ। महिला जिला अस्पताल में तैनात 26 कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों में काफी गुस्सा है। नाराज कर्मचारियों का कहना हैं कि वेतन का भुगतान सोमवार तक न होने पर कार्य बहिष्कार करेंगे।
बाल निकेतन तिराहा स्थित महिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों का डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा इलाज तो किया जा रहा है। लेकिन अस्पताल में तैनात 26 स्वास्थ्य कर्मियों को जून और जुलाई माह का वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारी विभागीय अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं। हालत यह है कि यहां की सीएमएस का स्थानांतरण मई महीने में गैर जनपद के लिए हो गया है। प्रभारी सीएमएस डॉ. आर के गुप्ता को वित्तीय अधिकार नहीं मिला है। कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने से अस्पताल के कर्मचारी लाचार है। पिछले महीने भी अस्पताल के कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर नये सीएमएस के आने तक वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग किया था। लेकिन सब कुछ जस का तस है।
मंडलीय अपर निदेशक स्वास्थ्य भी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहे हैं। पूर्व में भी प्रभारी सीएमएस को वित्तीय अधिकार देने संबंधित पत्र एडी को दिया गया था। लेकिन उन्होंने इसकी स्वीकृति ही नहीं दी। अस्पताल के कर्मचारी एडी हेल्थ पर भी कर्मचारियों को उपेक्षित करने का आरोप लगा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी परेशानियों को जिम्मेदार अफसर ही नजरअंदाज कर रहे हैं। आक्रोशित कर्मचारियों ने बताया कि यदि तीन दिनों में वेतन भुगतान की व्यवस्था नहीं की गई तो वे काम काज ठप कर आंदोलन को विवश होंगे। इस बाबत स्वास्थ्य अपर निदेशक नंदलाल यादव का कहना हैं कि वित्तीय अधिकार देने का अधिकार शासन को है। वे इस संबंध में वो शासन को अवगत कराएंगे।