पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर इंकलाब नौजवान सभा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोलियम मंत्री का पुतला दहन करने के साथ मूल्य बढ़ोत्तरी को वापस लेने की मांग की। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार को पूंजीपतियों की सरकार बताया।
शुक्रवार को बढ़ते पेट्रोल दाम पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और इंकलाब नौजवान सभा ने संयुक्त होकर कामरेड वीरेंद्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रतीकात्मक पुतले को कई मार्गो से घुमाते हुए डीसीएसके मोड़ पहुंचे और उसे आग के हवाले किया। इसके बाद हुई सभा में नेताओं ने सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। यहां तक कि महंगाई, हत्या, लूट और हो रही बलात्कार की घटनाओं की आलोचना किया। कामरेड वीरेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में सरकार को आम जनता का चौकीदार बता रहे। वहीं दूसरी तरफ कमरतोड़ महंगाई के बाद भी पेट्रोल का दाम बढ़ाकर पूंजीपतियों को और धनी कर रहे हैं। वहीं, इंकलाबी नौजवान सभा के साधु यादव ने कहा वर्तमान सरकार जनता को प्रताड़ित कर पूजीपतियों की जेबें भर रही। इस मौके पर हरिंद्र, रामबली, मुन्ना, दुर्गविजय, बृजेश, राजकुमार, राजेश, मुन्ना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता छमौजूद रहे।