मऊ। दीवानी कचहरी के पास स्थित वाहन स्टैंड पर कार्यरत एक युवक की दबंगई से शुक्रवार को एक बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के पिढ़वल मोड़ के रहने वाले अनिरुद्ध यादव अपनी बाइक से अवरना गांव निवासी राम जन्म यादव (50) के साथ अपनी बाइक से किसी काम कचहरी जा रहे थे। जब वे कचहरी गेट के समीप पहुंचे ही थे कि वाहन स्टैंड पर वसूली कर रहा एक युवक अचानक आकर उनकी बाइक की हैंडिल पकड़ लिया। उसकी इस हरकत से असंतुलित होकर बाइक अचानक गिर गई और पीछे बैठे राम जन्म यादव नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे अनिरुद्ध को भी मामूली चोटें आईं। अधेड़ को घायल होते ही वहां काफी लोग जुट गए। मौके पर पुलिस चौकी प्रभारी भी पहुंच गए। उन्होंने बाइक की हैंडिल पकड़ने वाले युवक को इसकी हरकत के लिए काफी डांटा। घायल को आनन फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राम जन्म को हायर सेंटर ले जाने की सलाह दिया। रामचंद का एक पैर तीन जगह से टूट गया है। घायल को एक नीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।